अमेरिका में गूंजे अन्ना के नारे

1वॉशिंगटन।। वैसे तो अमेरिका में इंडिया डे परेड हर साल बड़ी धूम से की जाती है और बॉलिवुड सितारे इसमें भाग भी लेते हैं पर इस बार परेड को खास बनाया करप्शन के खिलाफ लड़ने वाले अन्ना हजारे ने। ग्लैमर वर्ल्ड से परेड की रौनक बढ़ाने बॉलिवुड ऐक्ट्रेस विद्या बालन पहुंचीं थीं। इस बार परेड में दो लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए लाखों लोगों का हुजूम देश की संस्कृति की चमक बिखेर रहा था।

मार्चिंग बैंड के साथ रंग-बिरंगे रथ मैनहटन में मैडिसन एवेन्यू से चले। इस दौरान अन्ना हजारे जिंदाबाद और करप्शन के खिलाफ नारे लगे। परेड में शामिल ज्यादातर लोग भारतीय अमेरिकी थे। इस परेड को फेडरेशन ऑफ इंडियन असोसिएशंस करवाती है।

परेड के रास्ते पर हर मोड़ पर हजारे को चीयर करने के लिए भारी संख्या में लोग खड़े थे। खादी वस्त्र पहने अन्ना अपनी गाड़ी से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। उनसे हाथ मिलाने के लिए लोग बेचैन थे और इस कारण हर मोड़ पर उनकी गाड़ी को रोकना पड़ रहा था। इस मौके पर बालन ने भी कहा कि मैंने दिल को खुश करने वाला ऐसा हैरानी भरा मौका पहले नहीं देखा। तिरंगा थामे भारतीय अमेरिकियों ने एक सुर में कहा कि अन्ना करप्शन के खिलाफ लड़ाई में हम आपके साथ हैं। परेड में शामिल कई लोगों के सिर पर ‘मैं अन्ना के साथ हूं’ की गांधी टोपी थी।

भारतीय मूल के लोगों के बीच ही नहीं अमेरिकियों को भी अन्ना खूब भाए। उन्हें देखने बड़ी तादाद में अमेरिकी भी जुटे थे। इतनी बड़ी भीड़ को काबू में रखने के लिए न्यू यॉर्क पुलिस विभाग को भी खूब मशक्कत करनी पड़ी।

From : NAVBHARAT TIMES