Author Archive

Jantantra Yatra: Mau, UP

Jantantra Yatra: Azamgarh, UP

Press Release

शीतकालीन सत्र के पहले दिन अनशन पर बैठूंगाः अन्ना

31 जुलाई, 2013,आज़मगढ़ः वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हज़ारे ने केंद्र सरकार को एक बार फिर से चेतावनी देते हुए कहा कि मानसून सत्र सरकार के पास लोकपाल बिल को पास करने का अंतिम मौका है. यदि केंद्र सरकार लोकपाल बिल को इस सत्र में पास नहीं करती है. तो वह संसद के शीतकालीन सत्र के प्रारंभ होते ही रामलीला मैदान में आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे. संसद द्वारा सेंस ऑफ हाउस पास किए जाने के बाद साल गुजर चुके हैं. लेकिन सरकार ने देश को धोखा दिया है, और सरकार को आगामी लोकसभा चुनावों में इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा.

आज़मगढ में जनसभा को संबोधित करते हुए भारत के पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वी के सिंह ने कहा कि हमारे देश के नेता आज भी अंग्रेजों के फूट डालो शासन करो की नीति पर काम कर रहे हैं. नेताओं ने देश को धर्म, जाति,भाषा, क्षेत्र और न जाने किन-किन मसलों के आधार पर बांट दिया है. देश में सेना को किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए बुलाया जाता है. सेना में किसी तरह का भेदभाव नहीं है. प्रत्येक सैनिक केवल देश के लिए सोचता है. उसी तरह देश के हर नागरिक को देश को सर्वोपरि मानते हुए बिना किसी भेदभाव के देश की अखंडता और एकता को बनाए रखने के लिए काम करना चाहिए. जब सारा देश एक होगा तभी भ्रष्टाचार को दूर किया जा सकता था.

अन्ना के सहयोगी और चौथी दुनिया के प्रधान संपादक संतोष भारतीय ने कहा कि देश की आजादी की दूसरी लड़ाई में भाग लेने के लिए आम जनता के साथ-साथ पत्रकारों को भी सामने आना चाहिए. जिस तरह आज़ादी की पहली लड़ाई में वकीलों ने मुख्य भूमिका अदा की थी, ठीक उसी  तरह पत्रकारों को आज़ादी की दूसरी लड़ाई में कूद पड़ना चाहिए और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करना चाहिए.

जनतंत्र यात्रा पांचवें चरण के नौवें दिन वाराणसी से आजमगढ़ पहुंची. वाराणसी से आज़गढ के बीच कई स्थानों पर अन्ना का जोरदार स्वागत किया गया. अन्ना ने चोलापुर और लालगढ़ में जनसभाओं को संबोधित किया. जैसे ही अन्ना के काफिले ने आज़मगढ़ की सीमा में प्रवेश किया 200 युवाओं ने मोटर सायकिल रैली के रूप में अन्ना के काफिले के साथ तिरंगा झंडा लेकर चलने लगे. यह रैली जनतंत्र यात्रा के काफिले को सभा स्थल तक लेकर पहुंचे जहां हज़ारों की संख्या में उपस्थिल लोगों ने भारत माता की जय जैस नारों के साथ अन्ना का स्वागत किया.

01 अगस्त 2013 को जनतंत्र यात्रा मऊ होते हुए ग़ाजीपुर पहुंचेगी. जहां जनतंत्र यात्रा के पांचवें चरण का विधिवत समापन होगा. यात्रा का छठवां चरण सितंबर माह में बिहार में आयोजित किया जाएगा.

Jantantra Yatra: Varanasi, UP

Press Release

रिश्वत लेकर वोट करना देशद्रोह हैः अन्ना


30 जुलाई, 2013,वाराणसी
, वरिष्ठ समाज सेवक अन्ना हजारे ने वाराणसी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देखा जाये तो आज हमारे देश मे जनतंत्र है ही नहीं,  क्योंकि व्यवस्था पर सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं ने कब्जा कर लिया है. आम आदमी की बात कहीं सुनी नहीं जा रही है. देश की आम जनता  भ्रष्टाचार और मंहगाई से परेशान हो चुकी है. देश में दिनों दिन बढ़ती मंहगाई की जड़ भ्रष्टाचार है. जनतंत्र की कुंजी आम जनता के हाथ में है, वह जिस दिन अपने वोट का सही उपयोग करने लगेगी और साफ छवि के ईमानदार उम्मीदवारों को चुनने लगेगी. देश में सही अर्थों में जनतंत्र आ जायेगा. रिश्वत लेकर वोट करना देशद्रोह है. हमें अपने वोट की अहमियत समझनी होगी और सही और योग्य व्यक्ति के लिए मतदान करना होगा.

अन्ना ने यह भी कहा कि कुछ लोग उनके नाम पर जनतंत्र यात्रा के नाम पर अवैध रुप से चंदा वसूली कर रहे हैं. इस तरह चंदा वसूली करने वालों का जनतंत्र मोर्चे से कोई सरोकार नहीं है. उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति मेरे नाम से चंदा वसूली करता है तो उन्हें जरूर सूचित करें.ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्यवाही की जा सके.

पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वी के सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का देश में जब कभी अपात स्थितियां खड़ी होती हैं तब-तब सेना को याद किया जाता है. आज देश एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है जहां भ्रष्टाचार अपने चरम पर है. इस समस्या को जड़ से मिटाने के लिए हमें एक होकर सेना की तरह काम करना होगा. ताकि हम भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों को देश से दूर भगा सकें.

चौथी दुनिया के प्रधान संपादक संतोष भारतीय ने कहा कि बाबा अंबेडकर ने संविधान सभा में दिए अपने अंतिम भाषण में कहा था कि भारत का सविधान दुनिया का सबसे अच्छा संविधान है, लेकिन मुझे यह नहीं मालूम है कि भविष्य में राजनीतिक दल इसका क्या हाल करेंगे. बाबा साहब की भविष्यवाणी आज सही साबित हो रही है. राजनीतिक दलों ने संविधान की मूल भावना को ताक पर रख दिया हैं. एक लोक कल्याणकारी राज्य की परिकल्पना को धवस्त कर  व्यापरियों और उद्योगपतियों के लिए काम कर रही हैं.

आज जनतंत्र यात्रा जौनपुर से चलकर वाराणसी पहुंची. रास्ते में अन्ना का कई जगहों पर स्वागत हुआ. कई जगहों पर स्कूली बच्चों ने अन्ना का अभिवादन किया. अन्ना ने वाराणसी में वाराणसी की बॉर काउंसिल के कार्यक्रम में हिस्सा लिया. उनके साथ इस कार्यक्रम में पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वी के सिंह और चौथी दुनिया के प्रधान संपादक संतोष भारतीय भी शामिल हुए.

Press Release

प्रेस रिलीज

राजनीतिक दल देश को असंवैधानिक तरीके से चला रहै हैः अन्ना

29 जुलाई,2013, जौनपुर, जनतंत्र यात्रा अपने पांचवें चरण के अंतिम दौर में प्रवेश कर चुकी है. पांचवें चरण के सातवें दिन सुलतानपुर से चलकर बदलापुर होते हुए जौनपुर पहुंची. बदलापुर और जौनपुर में जनसभाओं को संबोधित किया. जौनपुर पहुंचने पर जनतंत्र यात्रा का जोरदार स्वागत किया. रास्ते में कई जगहों पर लोगों ने अन्ना का स्वागत किया.

अन्ना हजारे ने जौनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीतिक दल अपने फायदे के लिए जनता को गुमराह कर रहे हैं. राजनीतिक दलों ने संविधान की भावनाओं को पूरी तरह दरकिनार कर दिया है. राजनीतिक दल देश को असंवैधानिक तरीके से चला रहै हैं. देश को एक बार फिर से भ्रष्टाचार के दलदल से निकालने का वक्त आ गया है. हमें इसे बदलना होगा. देश के लोगों को इसके लिए आगे आना होगा और अपने मताधिकार का सही उपयोग कर संसद में जनता के प्रतिनिधियों को भेजना होगा. देश भर में लोग मेरे नाम से चंदा लेकर लोगों को मूर्ख बना रहे हैं. अगर आप किसी को ऐसा करता पाएं तो हमें सूचित करें. हम उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करायेंगे. हमारा एकमात्र संगठन जनतंत्र मोर्चा है. जनतंत्र मोर्चा के बैनर तले चल रही जनतंत्र यात्रा का खर्च लोगों के सहयोग से चलता है. इसके लिए किसी से कोई चंदा नहीं लिया जाता है.

अन्ना के सहयोगी और चौथी दुनिया के प्रधान संपादक संतोष भारतीय ने कहा कि देश के राजनेताओं ने आजादी के लिए अपनी जान न्योछावर करने वालों को भुला दिया है. देश में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी मज़बूत हो चुकी है कि हर काम के लिए लोगों को रिश्वत देनी पड़ती है. उनके अनुसार, आज के नेताओं ने देश सेवा को सबसे नीचे रख दिया है और मुल्क को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं. इसीलिए अब जनता को जागना होगा और उन्हें आगे आना होगा, ताकि भ्रष्ट राजनेताओं के चंगुल से देश को आज़ाद कराया जा सके.

जनतंत्र यात्रा 30 जुलाई को जौनपुर से चलकर वाराणसी पहुंचेगी. वाराणसी में अन्ना हजारे जनसभा को संबोधित करेंगे.

Jantantra Yatra at Sagar, MP

Jantantra Yatra: Jaunpur, UP

Press Release

सरकार के नुमांइदे गरीबों और उनकी ग़रीबी का मज़ाक उड़ा रहे हैः अन्ना

28 जुलाई, 2013, सुल्तानपुर, वरिष्ठ समाज सेवी अन्ना हज़ारे आज जनतंत्र यात्रा के साथ गोंडा से चलकर अयोध्या, फैज़ाबाद और सुल्तानपुर पहुंचे. अयोध्या में प्रेस को संबोधित करते हुए अन्ना ने कहा कि देश आज बहुत नाजुक दौर से गुज़र रहा है. मंहगाई अपने चरम पर है लोगों का जीना दूभर हो गया है, उसपर सरकार के नुमांइदे एक, पांच और बारह रुपये में लोगों को खाना मिलने की बात कहकर गरीबों और उनकी ग़रीबी का मज़ाक उड़ा रहे हैं. सरकार वोट की राजनीति कर रही है उसे राइट टू फूड बिल संसद में सीधे लेकर आना चाहिए था. उसने ऑर्डिनेंस पास करके इसे लागू कर दिया है. यह तरीका ठीक नहीं है. सरकार को जनतंत्र की गरिमा का खयाल रखना चाहिए.

अन्ना के सहयोगी और चौथी दुनिया के प्रधान संपादक संतोष भारतीय ने सुल्तानपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश संविधान के अनुरूप नहीं चल रहा है. केंद्र सरकार घोटालों पर घोटाले कर रही है. संविधान की लोककल्याणकारी राज्य की अवधारणा को उलट कर रख दिया है. 1991 के बाद की नीतियों का असर देश में बढ़ते नक्सलवाद के रूप में दिखाई दे रहा है. 1990 में देश में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या लगभग 70 थी यह संख्या आज 272 तक पहुंच गई है. सरकार कॉरपोरेट घरानों को किसानों की जमीन छीनकर उनकी इच्छा के विपरीत दे रही है. अगर केंद्र सरकार इसी तरह काम करती रही तो देश में सशस्त्र विद्रोह होने से कोई नहीं रोक सकता.

अन्ना ने आज फैज़ाबाद और सुल्तानपुर में जनसभा को संबोधित किया. जैसे ही जनतंत्र यात्रा सुल्तानपुर पहुंची, लोगों ने धूमधड़ाके से उनका स्वागत किया. यहां अन्ना के विचारों को सुनने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे.जनतंत्र यात्रा 29 जुलाई को बदलापुर होते हुए जौनपुर पहुंचेगी. रास्ते में वह कई जगहों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे. जनतंत्र यात्रा के पांचवें चरण का समापन 1 अगस्त को गाज़ीपुर में होगा.

Press Release

जनता चुनाव में केंद्र सरकार को सबक सिखाएगीः अन्ना


27 जुलाई 2013, गोंडा, उत्तर प्रदेश में जनतंत्र यात्रा पांचवें चरण का आधा सफर तय कर चुकी है. पांचवें चरण के पांचवें दिन जनतंत्र यात्रा सीतापुर से चलकर गोंडा पहुंची. गोंडा पहुंचने पर लोगों ने अन्ना का जोरदार स्वागत किया. बाइक रैली के रुप में काफिला आमसभा स्थल पर पहुंचे. शहर में लोग अपने घर से बाहर निकलकर हाथ जोड़कर अन्ना का अभिवादन कर रहे थे.
गोंडा में जनता को संबोधित करते अन्ना हुए कहा कि आजादी के 66 साल बाद भी देश गुलाम बना हुआ है. अंग्रेजों के बनाए कानूनों के आधार पर चल रहा है. काले अंग्रेज इन्हीं काले कानूनों का उपयोग कर जनता को लूट रहे हैं. सारे राजनीतिक दल संविधान को ताक पर रखकर जल, जंगल और जमीन को लूट रहे हैं. लोकतंत्र में से लोक गायब हैं. सारे निर्णय सरकार जनता की इच्छा के विपरीत लिए जा रहे हैं. क़ानून के निर्माण में भी जनता की कोई भूमिका नहीं है. हमें इस व्यवस्था को बदलना है. संपूर्ण व्यवस्था परिवर्तन का लक्ष्य लेकर मैं देश में घूम रहा हूं. इस दिशा में मेरी पहली लड़ाई लोकपाल बिल को लेकर है. मैं एक बार फिर से जनलोकपाल बिल को पास करने की मांग को लेकर रामलीला मैदान में अनशन करने जा रहा हूं. मैं सरकार से जनलोकपाल बिल पास करवाए बिना नहीं मरूंगा. आमचुनाव नजदीक हैं, यदि केंद्र सरकार इसबार लोकपाल बिल पास नहीं करती है तो उसे जनता को जवाब देना होगा. मुझे यकीन है कि जनता चुनाव में केंद्र सरकार को सबक सिखाएगी.
अन्ना के सहयोगी और चौथी दुनिया के प्रदान संपादक संतोष भारतीय ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों का सरकार से विश्वास उठ गया है. सारा देश मंहगाई और भ्रष्टाचार की आग में जल रहा है. गरीब तबके के लोगों के लिए परिवार चलाना मुश्किल हो गया है. देश क्रांति की कगार पर पहुंच गया है. राजनीतिक दलों ने अगर अपना रवैया नहीं बदला तो वह दिन दूर नहीं है जब लोग देश को राजनीतिक दलों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए सड़क पर उतर आएंगे.
जनतंत्र यात्रा 28 जुलाई को फैज़ाबाद होते हुए सुल्तानपुर पहुंचेगी. दोनों जगह अन्ना जनसभाओं को संबोधित करेंगे. जनतंत्र यात्रा के पांचवें चरण का समापन 01 अगस्त को ग़ाजीपुर में होगा.